अमृतसर (Narendra Singh Danu) : पंजाब सरकार ने राज्य की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को सशक्त बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। अमृतसर में आयोजित 'एक शाम भगवान शिव जी के नाम' भजन संध्या में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने हजारों श्रद्धालुओं के साथ भाग लेते हुए धार्मिक पर्यटन और आस्था से जुड़े कई नए प्रोजेक्टों का ऐलान किया।
कार्यक्रम के दौरान अमृतसर में माता जानकी, लव-कुश और भगवान वाल्मीकि की विरासत से जुड़े एक भव्य मंदिर के निर्माण की घोषणा की गई। इसके साथ ही मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना का विस्तार करते हुए नए तीर्थ मार्ग शुरू करने, पूरे पंजाब में 'हमारे राम' नाट्य प्रस्तुति का निःशुल्क मंचन कराने तथा पटियाला स्थित ऐतिहासिक काली माता मंदिर के 80 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे जीर्णोद्धार कार्य को सितंबर तक पूरा करने की जानकारी भी दी गई।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जालंधर से शुरू हुई 'एक शाम भगवान शिव जी के नाम' भजन संध्या को अब पंजाब के सभी 22 जिलों तक पहुंचाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग सामूहिक भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव कर सकें।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत अब श्री हरिमंदिर साहिब और श्री आनंदपुर साहिब के अलावा सालासर-खाटू श्याम, हरिद्वार-ऋषिकेश तथा मथुरा-वृंदावन के लिए भी नए तीर्थ मार्ग शुरू किए जाएंगे। इन यात्राओं की शुरुआत एक अगस्त के आसपास होने की संभावना है और लगभग डेढ़ लाख श्रद्धालुओं को इसका लाभ मिलेगा। यात्रा, ठहरने और भोजन सहित सभी व्यवस्थाएं राज्य सरकार द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
केजरीवाल ने यह भी घोषणा की कि एक अगस्त से पूरे पंजाब में भगवान राम के जीवन पर आधारित चर्चित नाट्य प्रस्तुति 'हमारे राम' का निःशुल्क मंचन किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों से जुड़ सकें।
कार्यक्रम की सबसे महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए उन्होंने कहा कि अमृतसर स्थित भगवान वाल्मीकि मंदिर के निकट माता जानकी और लव-कुश को समर्पित एक भव्य मंदिर बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह मंदिर न केवल पंजाब बल्कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी प्रमुख आस्था केंद्र बनेगा।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब हमेशा से सांप्रदायिक सौहार्द, आस्था और भाईचारे की धरती रहा है। राज्य सरकार सभी धर्मों की भावनाओं का सम्मान करते हुए धार्मिक स्थलों के संरक्षण और आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि अमृतसर में बनने वाला माता जानकी और लव-कुश का मंदिर श्रद्धा, संस्कृति और विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। इसके निर्माण में सरकार किसी प्रकार की कमी नहीं छोड़ेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार लोगों की आस्था के सम्मान के साथ-साथ स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और विकास पर भी समान रूप से कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य में आम आदमी क्लीनिक, हेल्थ कार्ड, रोजगार सृजन और व्यापार को प्रोत्साहित करने जैसी योजनाओं के माध्यम से लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
भजन संध्या के दौरान पूरा पंडाल 'हर-हर महादेव' के जयघोष और भगवान शिव के भजनों से गूंज उठा। अरविंद केजरीवाल, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और हजारों श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी के पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।