नई दिल्ली (Narendra Singh Dnau) : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को नरेला के रामदेव चौक स्थित कम्फर्ट जोन में आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ में हिस्सा लिया। यह सम्मेलन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने सुशासन, अंत्योदय और आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि भारत आज वैश्विक स्तर पर मजबूत आर्थिक और कूटनीतिक शक्ति के रूप में उभरा है, जबकि डिजिटल क्रांति, आधुनिक बुनियादी ढांचे और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
मुख्यमंत्री ने आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना और पीएम स्वनिधि जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन पहलों ने करोड़ों लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाया है।
नरेला के विकास का उल्लेख करते हुए रेखा गुप्ता ने कहा कि क्षेत्र में लगभग 600 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं पर कार्य जारी है। इनमें सड़क, नाली, स्वास्थ्य, शिक्षा और सार्वजनिक परिवहन से जुड़ी अनेक योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक विकास से वंचित रहे नरेला को अब प्राथमिकता के आधार पर विकसित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि क्षेत्र में आठ आयुष्मान आरोग्य मंदिर, दो अटल कैंटीन, गांवों में सड़क निर्माण और परिवहन सुविधाओं के विस्तार पर तेजी से काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि नरेला में 1,350 करोड़ रुपये की लागत से विश्वस्तरीय विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए भूमि खरीदी गई है, जिससे स्थानीय विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि रिठाला–कुंडली वाया नरेला मेट्रो कॉरिडोर के लिए 5,000 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत कर दी गई है, ताकि परियोजना का कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके। इसके अलावा बाईपास, फुटओवर ब्रिज, बालिका कॉलेज और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं को भी प्राथमिकता दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सांसद, विधायक, पार्षद और स्थानीय प्रशासन के समन्वय से सभी विकास कार्यों को तय समय सीमा में पूरा किया जाएगा। उन्होंने युवाओं, महिलाओं और नागरिकों से ‘विकसित भारत-2047’ के लक्ष्य को साकार करने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के सांसद योगेंद्र चंदोलिया और नरेला के विधायक राजकरण खत्री सहित कई जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।