नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : केंद्रीय खरीद एजेंसी (सीपीए) के विभिन्न स्टोर्स में दवाओं की खरीद, भंडारण और प्रबंधन से जुड़ी गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद दिल्ली सरकार ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए पांच फार्मासिस्टों और दो अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
सरकारी जांच में दवाओं की खरीद, स्टोरेज और रिकॉर्ड प्रबंधन में गंभीर लापरवाही तथा अनियमितताएं पाए जाने के बाद संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ यह कार्रवाई की गई।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार भ्रष्टाचार के प्रति 'जीरो टॉलरेंस' की नीति पर काम कर रही है और प्रशासनिक व्यवस्था में किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार, लापरवाही या अनियमितता को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जनता के स्वास्थ्य और हितों से जुड़े मामलों में जवाबदेही सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की भूमिका अनियमितताओं में पाई जाती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकारी संस्थानों में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने के लिए जांच और निगरानी की प्रक्रिया आगे भी लगातार जारी रहेगी।