लद्दाख (Narendra Singh Danu) : सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने शनिवार को लद्दाख स्थित फायर एंड फ्यूरी कोर मुख्यालय का दौरा कर क्षेत्र की परिचालन तैयारियों, युद्धक क्षमता और समग्र सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
सेना के अतिरिक्त लोक सूचना महानिदेशालय (एडीजीपीआई) द्वारा ‘एक्स’ पर दी गई जानकारी के अनुसार, लेह स्थित मुख्यालय में सेना प्रमुख को मौजूदा सुरक्षा स्थिति, ऑपरेशनल तैयारियों, युद्ध तत्परता, बुनियादी ढांचे के विकास तथा निगरानी, गतिशीलता और एकीकृत सैन्य क्षमताओं को मजबूत करने के लिए चल रही पहलों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
समीक्षा के दौरान जनरल द्विवेदी ने कठिन भौगोलिक और मौसमीय परिस्थितियों में तैनात सैनिकों की पेशेवर दक्षता, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी जवानों ने उच्च स्तर की परिचालन क्षमता और प्रतिबद्धता का प्रदर्शन किया है।
सेना प्रमुख ने सभी अधिकारियों और जवानों से आह्वान किया कि वे मिशन पर केंद्रित रहें, सतर्कता बनाए रखें और बदलती सुरक्षा चुनौतियों का सामना करने के लिए हर समय तैयार रहें। उन्होंने कहा कि मौजूदा सुरक्षा परिदृश्य में चुस्ती और निरंतर तत्परता अत्यंत आवश्यक है।