नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक रविवार से नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन अनशन शुरू करेंगे। यह अनशन कथित नीट पेपर लीक मामले में जवाबदेही तय करने, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग तथा शिक्षा व्यवस्था में सुधार और लद्दाख से जुड़े मुद्दों को लेकर किया जा रहा है।
'कॉकरोच जनता पार्टी' (सीजेपी) के प्रमुख अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर इसकी जानकारी देते हुए बताया कि यह भूख हड़ताल जंतर-मंतर पर सीजेपी की ओर से चलाए जा रहे विरोध प्रदर्शन का हिस्सा होगी।
इससे पहले सोनम वांगचुक ने एक वीडियो संदेश जारी कर कहा था कि उन्होंने सरकार को 27 जून तक प्रतिक्रिया देने का समय दिया है। उनका कहना था कि यदि शिक्षा व्यवस्था में सुधार या लद्दाख के पर्यावरण और सांस्कृतिक संरक्षण से जुड़े मुद्दों पर सरकार की ओर से कोई सकारात्मक पहल नहीं होती, तो वे 28 जून से अनिश्चितकालीन अनशन शुरू करेंगे।
सीजेपी ने देशभर के युवाओं और नागरिकों से अपील की है कि वे जंतर-मंतर पहुंचकर सोनम वांगचुक के आंदोलन के समर्थन में अपनी एकजुटता दर्ज कराएं। संगठन का कहना है कि यह अभियान शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और लद्दाख से जुड़े मुद्दों पर व्यापक जनसमर्थन जुटाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।