जे.पी. नड्डा करेंगे अध्यक्षता, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, दवा सुधार और जनस्वास्थ्य योजनाओं की होगी व्यापक समीक्षा

नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय 29 जून को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण परिषद (सीसीएचएफडब्ल्यू) की 16वीं बैठक आयोजित करेगा। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा करेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल और प्रतापराव जाधव भी उपस्थित रहेंगे।

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार बैठक में सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री, सांसद, केंद्र और राज्य सरकारों के वरिष्ठ अधिकारी, गैर-सरकारी सदस्य तथा स्वास्थ्य क्षेत्र के विशेषज्ञ भाग लेंगे। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य क्षेत्र में केंद्र और राज्यों के बीच समन्वय को और मजबूत करना तथा महत्वपूर्ण नीतिगत विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श करना है।

बैठक के दौरान राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) और प्राथमिकताओं, खाद्य एवं औषधि सुधार, सहायक स्वास्थ्य सेवाओं तथा स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। इसके अलावा विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, राज्यों की सफल कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान, नई चुनौतियों की पहचान तथा देशभर में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के लिए साझा रणनीति तैयार करने पर भी मंथन होगा।

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण परिषद का गठन संविधान के अनुच्छेद 263 के तहत किया गया है। यह परिषद स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की सर्वोच्च सलाहकार संस्था है, जो चिकित्सा एवं जनस्वास्थ्य से संबंधित नीतियों और कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की समीक्षा करने के साथ-साथ राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के बीच समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

स्वास्थ्य मंत्रालय का मानना है कि यह सम्मेलन सहकारी संघवाद की भावना को और मजबूत करेगा तथा केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर तालमेल के माध्यम से जनस्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।