तबादले की सिफारिश के बदले मांगे थे पांच लाख रुपये, पटियाला स्थित आवास पर रंगे हाथों दबोचा गया

चंडीगढ़ (Narendra Singh Danu) : पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए जगराओं के सहायक रजिस्ट्रार, सहकारी सभाएं निखिल गर्ग को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास दोराहा कार्यालय का अतिरिक्त प्रभार भी था। विजिलेंस टीम ने उसे पटियाला स्थित उसके सरकारी आवास से दबोचा।

राज्य विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि यह कार्रवाई एक सहकारी सभा के प्रबंधक द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर की गई। शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी ने दोराहा में उसके तबादले की सिफारिश करने के बदले पांच लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी।

आरोप है कि रिश्वत की राशि प्राप्त करने के बाद निखिल गर्ग ने सहकारी सभा दोराहा की कार्यवाही पुस्तिका में तबादले से संबंधित प्रविष्टि पर पिछली तारीख डालकर हस्ताक्षर भी कर दिए। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों के नाम पर भी रिश्वत की मांग की थी और राशि प्राप्त करने के बाद इसकी जानकारी अपने वरिष्ठ अधिकारी को भी दी थी।

शिकायतकर्ता ने रिश्वत मांगने से संबंधित पूरी बातचीत रिकॉर्ड कर ली और रिश्वत देने के बजाय विजिलेंस ब्यूरो की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू), लुधियाना से संपर्क किया। शिकायत की जांच के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में आरोपी को शिकायतकर्ता से एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली गई।

विजिलेंस ब्यूरो ने आरोपी के खिलाफ ईओडब्ल्यू थाना, लुधियाना में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।