एसएसपी ने कई थानों में बदले एसएचओ, डीसीआर, चुनाव सेल और विशेष शाखाओं में भी नई तैनातियां

बठिंडा (Narendra Singh Danu) : पंजाब के बठिंडा जिले में पुलिस प्रशासन को अधिक प्रभावी और चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से एसएसपी बठिंडा ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। जारी आदेशों के तहत सात थाना प्रभारियों (एसएचओ) सहित कुल 10 पुलिस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। इसके अलावा डीसीआर, चुनाव सेल और अन्य शाखाओं में भी नई नियुक्तियां की गई हैं।

आदेशों के अनुसार इंस्पेक्टर दलजीत सिंह को चुनाव सेल से स्थानांतरित कर थाना कैनाल कॉलोनी का एसएचओ नियुक्त किया गया है। वहीं, थाना कैनाल कॉलोनी के एसएचओ हरजोत सिंह को थाना थर्मल का प्रभारी बनाया गया है। डीसीआर प्रभारी दलजीत सिंह को थाना सदर रामपुरा का एसएचओ नियुक्त किया गया है।

इंस्पेक्टर जगदीप सिंह का तबादला थाना सदर रामपुरा से थाना संगत मंडी किया गया है, जबकि इंस्पेक्टर सुखविंदर सिंह को थाना संगत से डीसीआर प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी तरह इंस्पेक्टर जसविंदर सिंह को थाना नथाना से एंटी लिकर एंड एंटी नारकोटिक्स सेल में तैनात किया गया है, जबकि इंस्पेक्टर हरजीवन सिंह को थाना थर्मल से थाना नथाना का नया एसएचओ बनाया गया है।

इसके अलावा सब-इंस्पेक्टर अमरीक सिंह को पुलिस लाइन से थाना तलवंडी साबो का एसएचओ तथा सब-इंस्पेक्टर दिलबाग सिंह को पुलिस लाइन से थाना रामा मंडी का एसएचओ नियुक्त किया गया है।

पुलिस विभाग के अनुसार यह तबादले प्रशासनिक आधार पर किए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि इन बदलावों का उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना, कानून-व्यवस्था को मजबूत करना और लोगों को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराना है।