डेढ़ लाख बच्चों को पहले चरण में मिलेगा लाभ, 6,000 नई आंगनबाड़ी वर्करों की होगी भर्ती

चंडीगढ़ (Narendra Singh Danu) : पंजाब सरकार ने जन्म से तीन वर्ष तक के बच्चों के समग्र शारीरिक, मानसिक और पोषण संबंधी विकास को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राज्यव्यापी 'निक्के कदम बड़ा विकास' अभियान की शुरुआत की है। इस पहल के तहत प्रत्येक नवजात और तीन वर्ष तक के बच्चे का विस्तृत विकास रिपोर्ट कार्ड तैयार किया जाएगा, जिससे उनके स्वास्थ्य, पोषण और मानसिक विकास की नियमित निगरानी की जा सकेगी।

इस अभियान का शुभारंभ शुक्रवार को चंडीगढ़ के होटल ललित में महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने किया। उन्होंने बताया कि पहले चरण में प्रदेश के करीब डेढ़ लाख बच्चों को इस योजना से जोड़ा जाएगा। प्रत्येक बच्चे के विकास से जुड़ी जानकारी आंगनबाड़ी वर्कर नियमित रूप से दर्ज करेंगी। इसके लिए सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे वैज्ञानिक तरीके से बच्चों के विकास का आकलन कर समय रहते किसी भी समस्या की पहचान कर सकें।

डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि योजना के तहत प्रत्येक क्षेत्र में अभिभावकों के व्हाट्सएप ग्रुप भी बनाए जाएंगे। इन ग्रुपों के माध्यम से माता-पिता को बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, टीकाकरण और मानसिक विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही वे अपने बच्चे की विकास संबंधी जानकारी प्राप्त कर विशेषज्ञों से आवश्यक सलाह भी ले सकेंगे।

उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कुपोषण, मानसिक विकास में देरी, व्यवहार संबंधी समस्याओं और अन्य स्वास्थ्य संबंधी विकारों की शुरुआती अवस्था में पहचान कर समय पर उपचार सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि विभिन्न सर्वेक्षणों में यह सामने आया है कि विकास संबंधी समस्याएं केवल आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि संपन्न परिवारों के बच्चों में भी ऐसे मामले देखने को मिले हैं। इसलिए यह योजना सभी वर्गों के बच्चों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है।

महिला एवं बाल विकास मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य पंजाब के प्रत्येक गांव और शहर में जन्म लेने वाले हर बच्चे तक इस योजना का लाभ पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से आने वाले समय में 6,000 नई आंगनबाड़ी वर्करों की भर्ती भी की जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह अभियान बच्चों के बेहतर शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ स्वस्थ, सशक्त और समृद्ध पंजाब के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।