पंचकूला: पुराने साइबर ठगी मामलों के निपटारे को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान में पंचकूला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साइबर क्राइम थाना टीम ने करीब डेढ़ करोड़ रुपये की ऑनलाइन ट्रेडिंग धोखाधड़ी के मामले में छठे आरोपी संदीप कुमार निवासी हरदोई, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया है। आरोपी को अदालत में पेश कर 7 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
साइबर थाना प्रभारी युद्धवीर सिंह के अनुसार पंचकूला निवासी व्यक्ति को नवंबर 2023 में टेलीग्राम के जरिए ऑनलाइन ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का झांसा दिया गया था। आरोपियों ने पहले 20 हजार रुपये निवेश पर 22 हजार रुपये का फर्जी प्रॉफिट दिखाकर विश्वास जीता। इसके बाद अलग-अलग खातों में करीब 80 लाख रुपये ट्रांसफर करवाए गए। बाद में रकम निकालने के नाम पर 30 प्रतिशत टैक्स बताकर 30 लाख रुपये और ऐंठ लिए गए।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने बताया कि इस मामले में पहले पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपी संदीप के खिलाफ यूपी और दिल्ली में साइबर ठगी के दो मामले और नौ शिकायतें दर्ज हैं। उसके खाते में देशभर से आई फ्रॉड की 1.41 करोड़ रुपये की रकम मिली है।