श्रीमती उर्मिला देवी कॉलेज ऑफ आयुर्वेदिक साइंसेज में अंतर्राष्ट्रीय नशा विरोधी एवं अवैध मादक पदार्थ तस्करी विरोधी दिवस मनाया गया

होशियारपुर (दलजीत अज्नोहा) : अंतर्राष्ट्रीय नशा विरोधी एवं अवैध मादक पदार्थ तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर श्रीमती उर्मिला देवी आयुर्वेदिक कॉलेज ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड हॉस्पिटल, होशियारपुर में जिला स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में सिविल सर्जन होशियारपुर डॉ. मनदीप कमल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। यह कार्यक्रम कॉलेज की प्राचार्य डॉ. कुमुद शर्मा के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में आयोजित किया गया, जबकि कार्यक्रम का संचालन एवं समग्र प्रबंधन डॉ. मनु वर्मा, एसोसिएट प्रोफेसर द्वारा किया गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. मनदीप कमल ने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज की उन्नति में भी बड़ी बाधा बनता है। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उन्हें नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेलकूद तथा अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर डॉ. जसलीन कौर, चिकित्सा अधिकारी एवं प्रभारी, जिला ड्रग डी-एडिक्शन एवं पुनर्वास केंद्र, होशियारपुर ने विभिन्न प्रकार के नशीले पदार्थों, नशे की लत के कारणों, इसके शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों, बचाव के उपायों तथा समय पर उपचार एवं काउंसलिंग के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा समाज में नशा विरोधी जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा नशे के दुष्प्रभावों एवं उससे बचाव संबंधी एक प्रभावशाली जागरूकता वीडियो प्रस्तुत किया गया, जिसकी उपस्थित सभी लोगों ने सराहना की। इसके अतिरिक्त नशा विरोधी विषय पर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि डॉ. मनदीप कमल द्वारा सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण हेतु मिलकर कार्य करने तथा नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर रविंद्र जस्सल (डिप्टी मास मीडिया अधिकारी), बलवीर कौर (डिप्टी मास मीडिया अधिकारी), रोहित शर्मा (ब्लॉक एक्सटेंशन एजुकेटर), अमनदीप (ब्लॉक एजुकेटर), प्रशांत आदिया (काउंसलर), अमनदीप तिवारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।