भारतीय वायुसेना के दो विमान लेकर गए फील्ड हॉस्पिटल, 35 टन से अधिक राहत सामग्री और 'भीष्म क्यूब्स'; विदेश मंत्री एस. जयशंकर बोले- संकट की घड़ी में वेनेजुएला के साथ मजबूती से खड़ा है भारत

नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : वेनेजुएला की राजधानी काराकास में आए विनाशकारी भूकंप के बाद भारत ने मानवीय सहायता के लिए बड़ा कदम उठाते हुए 'ऑपरेशन अमिस्ताद' शुरू किया है। इस अभियान के तहत भारतीय वायुसेना के दो विमान शुक्रवार को आवश्यक राहत सामग्री और चिकित्सा उपकरण लेकर वेनेजुएला के लिए रवाना हुए।

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर इसकी जानकारी देते हुए बताया कि भारत की ओर से बड़े पैमाने पर चिकित्सा एवं आपदा प्रबंधन से संबंधित सामग्री भेजी जा रही है। राहत सामग्री में एक फील्ड हॉस्पिटल यूनिट, 35 टन से अधिक राहत सामग्री तथा दो 'भीष्म क्यूब्स' शामिल हैं, जिनका उपयोग आपदा प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल चिकित्सा सहायता और राहत कार्यों के लिए किया जाएगा।

डॉ. जयशंकर ने कहा कि भारत इस कठिन समय में वेनेजुएला की सरकार और वहां के नागरिकों के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने कहा कि भारत हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी सहयोग जारी रखेगा।

उल्लेखनीय है कि काराकास और उसके आसपास के क्षेत्रों में हाल ही में 7.5 और 7.2 तीव्रता के दो शक्तिशाली भूकंप आए, जिससे व्यापक तबाही हुई है। प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, इस आपदा में 200 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं तथा कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है।