कुरुक्षेत्र (अश्विनी वालिया) : टीबी से मुक्ति के लिए प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान पूरे देश में चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सांसद नवीन जिन्दल के सहयोग से कुरुक्षेत्र और कैथल जिलों में 100 नि:क्षय मित्रों को चिन्हित कर टीबी मरीजों को गोद लिया गया था। दोनों जिलों में उपचार के दौरान उन्हें पोषण और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया गया था। इस मुहिम के परिणामस्वरूप दोनों जिलों में सहयोग प्राप्त करने वाले 100 में से 85 मरीज सफलतापूर्वक अपना इलाज पूरा कर चुके हैं। ये मरीज अब टीबी मुक्त होकर स्वस्थ जीवन की ओर लौट चुके हैं तथा समाज की मुख्यधारा से जुड़ गए हैं।
सांसद नवीन जिन्दल के कार्यालय प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत चयनित मरीजों को लगातार 6 महीने तक पोषण सामग्री उपलब्ध कराई गई थी। इसके साथ-साथ नियमित रूप से उनकी काउंसलिंग और मार्गदर्शन भी किया गया था। ताकि मरीजों का मनोबल बना रहे और वे अपना इलाज पूरी प्रतिबद्धता के साथ पूरा कर सकें।
उन्होंने बताया कि सांसद नवीन जिन्दल जनहित और समाज कल्याण से जुड़े महत्वपूर्ण अभियानों में सक्रिय सहयोग देते रहे हैं, ताकि क्षेत्र के अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाई जा सके।