नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : दिल्ली सरकार ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए उत्तरी दिल्ली के धीरपुर में Dr. B.R. Ambedkar University Delhi (एयूडी) के नए अत्याधुनिक परिसर के निर्माण को मंजूरी दे दी है। लगभग 1,668 करोड़ रुपये की लागत से विकसित होने वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना को बुधवार को मुख्यमंत्री Rekha Gupta की अध्यक्षता में आयोजित व्यय वित्त समिति की बैठक में स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में लोक निर्माण विभाग मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, शिक्षा मंत्री आशीष सूद तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। परियोजना के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी दिल्ली सरकार के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को सौंपी गई है।
50 एकड़ में विकसित होगा आधुनिक परिसर
मुख्यमंत्री ने बताया कि नया परिसर लगभग 20 हेक्टेयर (50 एकड़) क्षेत्र में विकसित किया जाएगा। इसे चरणबद्ध तरीके से करीब 8,000 विद्यार्थियों की शैक्षणिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया जाएगा। प्रथम चरण में 5,400 विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
परियोजना के तहत 840 विद्यार्थियों के लिए छात्रावास की व्यवस्था के साथ-साथ शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए आवासीय सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा कैंपस
नए परिसर में अत्याधुनिक शैक्षणिक ब्लॉक, केंद्रीय पुस्तकालय, प्रशासनिक भवन, छात्र सुविधा केंद्र, 2,500 सीटों की क्षमता वाला भव्य सभागार, खेल अवसंरचना और पर्याप्त पार्किंग सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
सरकार का दावा है कि यह परिसर विद्यार्थियों को आधुनिक, समावेशी और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षण वातावरण प्रदान करेगा तथा शिक्षा, शोध और नवाचार को बढ़ावा देगा।
पर्यावरण अनुकूल होगा परिसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना शिक्षा और सतत विकास के समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण होगी। परिसर को जीआरआईएचए (GRIHA) 5-स्टार रेटिंग मानकों के अनुरूप विकसित करने की योजना बनाई गई है।
इसके तहत सौर ऊर्जा और भू-तापीय ऊर्जा जैसे नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों का उपयोग, वर्षा जल संचयन प्रणाली, अपशिष्ट जल पुनर्चक्रण तथा आधुनिक जल संरक्षण एवं प्रबंधन व्यवस्था विकसित की जाएगी।
सभी प्रमुख मंजूरियां पहले ही प्राप्त
सरकार के अनुसार परियोजना को Delhi Urban Art Commission (डीयूएसी) और Delhi Fire Service सहित आवश्यक वैधानिक मंजूरियां पहले ही प्राप्त हो चुकी हैं, जिससे निर्माण कार्य का मार्ग और अधिक सुगम हो गया है।
उच्च शिक्षा को नई दिशा देने का प्रयास
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि शिक्षा किसी भी विकसित समाज की सबसे मजबूत नींव होती है। दिल्ली सरकार का उद्देश्य केवल नए भवन बनाना नहीं, बल्कि ऐसे शैक्षणिक संस्थान विकसित करना है जो विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर की शिक्षा, शोध, नवाचार और व्यक्तित्व विकास के अवसर उपलब्ध कराएं।
उन्होंने कहा कि धीरपुर में बनने वाला यह नया परिसर राजधानी को देश के अग्रणी शिक्षा और ज्ञान केंद्र के रूप में और मजबूत करेगा तथा युवाओं को भविष्य की चुनौतियों और अवसरों के लिए बेहतर ढंग से तैयार करेगा।