हिसार के युवा देव रोहिल ने मेहनत और प्रतिभा से हासिल की बड़ी उपलब्धि भिवानी रोहिल्ला गांव के युवा ने बढ़ाया जिले का मान, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रदान किया कमीशन

हिसार (Narendra Singh Danu) : हिसार जिले के छोटे से गांव भिवानी रोहिल्ला के लिए गर्व का क्षण तब आया जब गांव के होनहार युवा देव रोहिल भारतीय वायु सेना में फाइटर पायलट के रूप में फ्लाइंग ऑफिसर बनकर देश सेवा के लिए तैयार हो गए। उनकी इस उपलब्धि से पूरे गांव और जिले में खुशी एवं गौरव का माहौल है।

हैदराबाद स्थित वायु सेना अकादमी में आयोजित भव्य पासिंग आउट परेड और कमीशनिंग समारोह के दौरान रक्षा मंत्री Rajnath Singh ने देव रोहिल को भारतीय वायु सेना में फ्लाइंग ऑफिसर के रूप में कमीशन प्रदान किया। इस अवसर पर उनके परिवार के सदस्य और शुभचिंतक भी मौजूद रहे।

देव रोहिल ने तीन वर्ष का राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) प्रशिक्षण तथा एक वर्ष का विशेष वायु सेना प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। अब वह भारतीय वायु सेना के अत्याधुनिक लड़ाकू विमानों का संचालन करते हुए देश की हवाई सीमाओं की सुरक्षा में अपनी भूमिका निभाएंगे।

उनकी सफलता न केवल क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी है, बल्कि यह संदेश भी देती है कि दृढ़ संकल्प, अनुशासन और कठिन परिश्रम के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

देश सेवा की विरासत से जुड़ा है परिवार

देव रोहिल का परिवार लंबे समय से देश सेवा की गौरवशाली परंपरा से जुड़ा रहा है। उनके पिता कर्नल राजपाल सिंह रोहिल भारतीय सेना में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनके नाना ब्रिगेडियर ओ.पी. तोमर भी सेना में उच्च पद पर रह चुके हैं, जबकि उनके मामा विंग कमांडर रवि तोमर भारतीय वायु सेना में अधिकारी हैं।

इसके अलावा उनके दादा स्वर्गीय दयानंद हरियाणा सरकार में वरिष्ठ अधिकारी रहे थे। क्षेत्र में उनके योगदान और सेवाओं को आज भी सम्मान के साथ याद किया जाता है।

देव रोहिल की उपलब्धि ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि ग्रामीण भारत की प्रतिभाएं देश की सुरक्षा और गौरव को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।