भोपाल (Narendra Singh Danu) : भोपाल में हिंदुस्तान कोका-कोला बेवरेजेस ने मध्य प्रदेश में बड़े निवेश की घोषणा की है। कंपनी करीब 300 करोड़ रुपये का निवेश करने की योजना बना रही है।
यह जानकारी कंपनी के सीईओ हेमंत रुपानी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात के दौरान दी। उन्होंने राज्य सरकार की उद्योग-अनुकूल नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि इस निवेश से प्रदेश में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य में खाद्य प्रसंस्करण (फूड प्रोसेसिंग) को बढ़ावा देने के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी भी दी। इस मौके पर कंपनी के नेशनल हेड विवेक झा, राज्य प्रमुख अश्विनी यीलेने और औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि हिंदुस्तान कोका-कोला बेवरेजेस की एक इकाई पहले से ही मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के पीलूखेड़ी औद्योगिक क्षेत्र में संचालित है। अब प्रस्तावित निवेश से राज्य में औद्योगिक गतिविधियों को और गति मिलने की उम्मीद है।