लखनऊ (Narendra Singh Danu) : राजधानी लखनऊ के कोचिंग सेंटर में हुए भीषण अग्निकांड के बाद राजनाथ सिंह सोमवार देर रात शहर पहुंचे और सीधे घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर अधिकारियों से हादसे की जानकारी ली और राहत-बचाव कार्यों की समीक्षा की।
इसके बाद रक्षा मंत्री किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) के ट्रामा सेंटर पहुंचे, जहां उन्होंने घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया और चिकित्सकों को निर्देश दिए कि घायलों के उपचार में किसी प्रकार की कोई कमी न रखी जाए।
रक्षा मंत्री ने कहा कि कोचिंग सेंटर में आग लगने की यह घटना अत्यंत दुखद और मन को व्यथित करने वाली है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
इस दौरान प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने भी ट्रामा सेंटर पहुंचकर घायलों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। साथ ही अधिकारियों को हादसे के कारणों की गहन जांच कर भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने भी इस दर्दनाक हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह त्रासदी पूरे समाज को झकझोर देने वाली है और इस कठिन समय में पार्टी का हर कार्यकर्ता प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है।
गौरतलब है कि इस हादसे ने शहर में सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं सरकार ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया है।