बीएसएफ और पुलिस की सतर्कता से अमृतसर सीमा पर ड्रग्स की बड़ी खेप बरामद

अमृतसर (Narendra Singh Danu) : भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बीएसएफ और पंजाब पुलिस ने संयुक्त सर्च अभियान के दौरान 27 किलो हेरोइन की बड़ी खेप बरामद की है।

जानकारी के अनुसार, पुल मोरां के पास घरिंडा इलाके में पाकिस्तानी तस्करों द्वारा ड्रोन के जरिए हेरोइन गिराए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद बीएसएफ और पुलिस ने ज्वाइंट ऑपरेशन चलाकर सर्च अभियान के दौरान यह खेप बरामद की। बरामद हेरोइन का कुल वजन 27 किलो बताया गया है।

अधिकारियों को आशंका है कि इसी क्षेत्र में हथियारों की खेप भी गिराई गई हो सकती है। इस संबंध में सर्च ऑपरेशन अभी जारी है।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले रमदास इलाके में सुरक्षा बलों ने 25 पिस्तौल, एक एके-47, 360 कारतूस, 47 मैगजीन और एक बुलेट प्रूफ जैकेट के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था।

सीमा पार से ड्रोन के जरिए तस्करी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और लगातार कार्रवाई कर रही हैं।