केदारनाथ धाम में दर्शन के लिए उमड़ी भारी भीड़, अब तक 12.94 लाख श्रद्धालु पहुंचे

रुद्रप्रयाग (Narendra Singh Danu) : रुद्रप्रयाग, 21 जून। उत्तराखंड के केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जारी है और यात्रा सीजन के दौरान दर्शनार्थियों का आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है। जिला प्रशासन के अनुसार अब तक कुल 12,94,763 श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं।

जिला यात्रा कंट्रोल रूम के आंकड़ों के मुताबिक 20 जून सायं 5 बजे से 21 जून सायं 5 बजे तक 7,484 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इनमें 4,179 पुरुष, 3,213 महिलाएं और 92 बच्चे शामिल हैं। इस अवधि में किसी भी विदेशी श्रद्धालु के दर्शन का रिकॉर्ड दर्ज नहीं किया गया।

प्रशासन के अनुसार यात्रा सीजन में श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधाओं को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

राज्य सरकार ने यात्रा को सुचारु और सुरक्षित बनाने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए हैं और लगातार स्थिति की निगरानी की जा रही है।