खिताब जीतने पर महिला हॉकी टीम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बधाई, बोले- यह सफलता मिसाल बनेगी

नई दिल्ली (Narenrda Singh Danu) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एफआईएच महिला नेशंस कप 2025-26 का खिताब जीतने पर भारतीय महिला हॉकी टीम को बधाई दी है और उनके प्रदर्शन को प्रेरणादायक बताया है।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में असाधारण खेल दिखाया और यह ऐतिहासिक जीत देश के युवाओं को हॉकी की ओर आकर्षित करेगी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने देश को गौरव और खुशी का अवसर दिया है।

उल्लेखनीय है कि भारतीय महिला हॉकी टीम ने फाइनल में न्यूजीलैंड को 2-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक भी मैच नहीं गंवाया।

भारत ने दूसरी बार इस प्रतिष्ठित खिताब पर कब्जा जमाया है। इस जीत के साथ ही टीम ने महिला प्रो लीग के अगले सीजन के लिए भी क्वालिफाई कर लिया है।

प्रधानमंत्री ने टीम के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह सफलता आने वाली पीढ़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।