जालंधर (Narendra Singh Danu) : पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने भ्रष्टाचार विरोधी अभियान के तहत जालंधर के थाना फिल्लौर में तैनात सब-इंस्पेक्टर अमनदीप कौर को 20,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता के अनुसार यह कार्रवाई फिल्लौर के एक निवासी की शिकायत पर की गई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उसके पुत्र को नशीले पदार्थों के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था, जिसमें आरोपी एसआई ने जमानत दिलाने, कम मात्रा दिखाकर मामला दर्ज करने और मोबाइल फोन वापस करने के एवज में 20,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी।
शिकायत में यह भी बताया गया कि आरोपी पहले ही 1,000 रुपये ले चुकी थी और शेष रकम की मांग कर रही थी। शिकायतकर्ता ने रिश्वत मांगने की बातचीत को रिकॉर्ड भी कर लिया था।
इसके बाद शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो से संपर्क किया। जांच के उपरांत विजिलेंस टीम ने दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में जाल बिछाकर आरोपी को 20,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए मौके पर ही काबू कर लिया। उसके कब्जे से दागी नोट भी बरामद किए गए।
इस संबंध में आरोपी के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो थाना जालंधर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की आगे जांच जारी है।