होशियारपुर में जिला कानूनी सेवा अथॉरिटी ने योग दिवस पर आयोजित किया विशेष कार्यक्रम

होशियारपुर (दलजीत अज्नोहा) : पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय, चंडीगढ़, पंजाब राज्य कानूनी सेवा अथॉरिटी तथा जिला एवं सत्र न्यायाधीश-कम-चेयरमैन जिला कानूनी सेवा अथॉरिटी रजिंदर अग्रवाल के दिशा-निर्देशों के तहत जिला कानूनी सेवा अथॉरिटी, होशियारपुर द्वारा जिला स्तर तथा उपमंडल स्तर (दसूहा, मुकेरियां और गढ़शंकर) में 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया।

इस अवसर पर अतिरिक्त ज़िला एवं सत्र न्यायाधीश डॉ. मनदीप मित्तल, चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट अजयपाल सिंह तथा सिविल जज (जूनियर डिवीजन) हरजिंदर कौर ने उपस्थित सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक, शारीरिक और आध्यात्मिक संतुलन का माध्यम है। उन्होंने कहा कि योग की उत्पत्ति भारत में हुई है और इसे प्रत्येक व्यक्ति को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान योग प्रशिक्षक जितिन शर्मा (आर्ट ऑफ लिविंग, होशियारपुर) ने प्रतिभागियों को योग के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ रहता है तथा तनाव को कम करने में भी सहायता मिलती है। इस दौरान प्रतिभागियों को कपालभाति, प्राणायाम, अनुलोम-विलोम तथा ध्यान सहित विभिन्न योगासन करवाए गए।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर, होशियारपुर में आयोजित कार्यक्रम में अतिरिक्त ज़िला एवं सत्र न्यायाधीश डॉ. मनदीप मित्तल, चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट अजयपाल सिंह तथा सिविल जज (जूनियर डिवीजन) हरजिंदर कौर सहित पैनल अधिवक्ता, पैरा लीगल वालंटियर, जिला कानूनी सेवा अथॉरिटी का स्टाफ, न्यायिक कर्मचारी तथा अन्य अधिवक्ता उपस्थित रहे।

इसके अलावा उपमंडल स्तर पर दसूहा, मुकेरियां एवं गढ़शंकर में भी न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों तथा एडवोकेटों ने योग दिवस कार्यक्रमों में भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।