विदेशी हैंडलरों से जुड़े मॉड्यूल का पर्दाफाश, पंजाब पुलिस की बड़ी सफलता

अमृतसर (Narendra Singh Danu) : पंजाब में संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसएसओसी अमृतसर और काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर ने एक केंद्रीय एजेंसी के सहयोग से विदेशी हैंडलरों से जुड़े गैंगस्टर मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन अत्याधुनिक विदेशी पिस्टल बरामद की हैं।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ एसएसओसी अमृतसर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह मॉड्यूल विदेश में बैठे गैंगस्टरों के इशारे पर सक्रिय था और पंजाब में आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश रच रहा था।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह नेटवर्क गैंगवार, फिरौती और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़ा हुआ है। गिरफ्तार आरोपितों पर आरोप है कि वे विदेशी हैंडलरों के निर्देश पर हथियारों की सप्लाई और आपराधिक वारदातों की योजना में शामिल थे।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपितों के संबंध अमृतसर कमिश्नरेट क्षेत्र में दर्ज एक हत्या के मामले और बटाला में दर्ज हत्या के प्रयास के केस से भी जुड़े हो सकते हैं।

फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है और अन्य सहयोगियों की पहचान तथा विदेशी हैंडलरों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है।

पंजाब पुलिस ने स्पष्ट किया है कि राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गैंगस्टर नेटवर्क और संगठित अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।