श्रीनगर (Narendra Singh Danu) : जम्मू-कश्मीर की स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सकीना इटू ने भर्तियों और आउटसोर्सिंग को लेकर लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार पूरी तरह पारदर्शी है और किसी भी जांच का सामना करने के लिए तैयार है।
श्रीनगर स्थित शेर-ए-कश्मीर इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस सेंटर (SKICC) में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह के दौरान पत्रकारों से बातचीत में मंत्री ने कहा कि यदि पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) हाल की भर्तियों की जांच की मांग कर रही है, तो उसे पिछले दस वर्षों की सभी भर्तियों की भी जांच की मांग करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकार के पास छिपाने के लिए कुछ भी नहीं है और प्रशासन हर स्तर पर पारदर्शिता व जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
आउटसोर्सिंग से जुड़े सवालों पर मंत्री ने स्पष्ट किया कि यह व्यवस्था मौजूदा सरकार द्वारा शुरू नहीं की गई है, बल्कि यह पहले से चली आ रही नीति का हिस्सा रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रशासन को पिछली सरकारों की नीतियों के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता।
सकीना इटू ने कहा कि सरकार सभी प्रक्रियाओं में निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए लगातार काम कर रही है और किसी भी प्रकार की जांच से पीछे नहीं हटेगी।