सोनोवाल का बड़ा बयान, होर्मुज पार कर भारत की ओर आ रहे हैं तीन तेल टैंकर

नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : भारतीय ध्वजवाहक तीन कच्चे तेल टैंकर—देश वैभव, देश विभोर और सनमार हेराल्ड—ने होर्मुज जलडमरूमध्य को सुरक्षित रूप से पार कर लिया है और वे भारत के विभिन्न बंदरगाहों की ओर अग्रसर हैं। इन जहाजों में कुल 8.6 लाख मीट्रिक टन से अधिक कच्चा तेल लदा है, जबकि इनमें 94 भारतीय नाविक सवार हैं।

केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि तीनों टैंकर सुरक्षित रूप से रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण इस जलमार्ग को पार कर चुके हैं। उन्होंने इसे भारत की ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखला के लिए एक महत्वपूर्ण और सुरक्षित उपलब्धि बताया।

सूत्रों के अनुसार, देश वैभव 24 जून को गुजरात के वाडिनार बंदरगाह पहुंचेगा, जबकि देश विभोर उसी दिन सिक्का बंदरगाह पर डॉक करेगा। वहीं सनमार हेराल्ड के 1 जुलाई तक ओडिशा के पारादीप बंदरगाह पहुंचने की संभावना है।

इस बीच, पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और क्षेत्रीय अस्थिरता की आशंकाओं के बीच ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही पर रोक लगाने की घोषणा की है। ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार, यह निर्णय हालिया क्षेत्रीय घटनाक्रमों और सुरक्षा चिंताओं के मद्देनज़र लिया गया है।

ईरान के खतम अल-अनबिया केंद्रीय मुख्यालय से जुड़े अधिकारियों ने कहा कि हालिया शांति समझौते की कुछ शर्तों का पालन नहीं होने के कारण स्थिति संवेदनशील बनी हुई है। उनका आरोप है कि दक्षिणी लेबनान में सैन्य गतिविधियां और संघर्षविराम उल्लंघन जारी हैं, जिससे क्षेत्रीय तनाव कम नहीं हो पाया है।

उधर, अमेरिकी केंद्रीय कमान (सेंटकॉम) ने बताया कि शनिवार को 55 व्यापारिक जहाजों ने इस जलडमरूमध्य से सुरक्षित पारगमन किया। कमान के अनुसार, अमेरिकी बल क्षेत्र में तैनात हैं और समुद्री मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं।