देहरादून (Narendra Singh Danu): उत्तराखंड सरकार ने राज्य में विकास कार्यों को गति देने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न जिलों में जनहित से जुड़ी परियोजनाओं के लिए 10.08 करोड़ रुपये की वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृतियों को मंजूरी दी है।
सरकार द्वारा स्वीकृत योजनाओं में धार्मिक स्थलों के विकास, संपर्क मार्गों के निर्माण और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया गया है। पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट में श्री हरिचंद देवता मंदिर के विकास के लिए 1.42 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं, जबकि लोहारगांव में संपर्क मार्ग निर्माण के लिए 70.87 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं।
इसके अलावा खर्कदेश पट्टी के बटकेश्वर मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 63.39 लाख रुपये और धारचूला क्षेत्र में पैदल मार्ग निर्माण के लिए 81.43 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है।
अल्मोड़ा जिले में भी कई योजनाओं को स्वीकृति मिली है। भिकियासैंण के शिव मंदिर के विकास के लिए 53.51 लाख रुपये, सोमेश्वर क्षेत्र में गोपेश्वर महादेव मंदिर के सौंदर्यीकरण और घाट निर्माण के लिए 98.25 लाख रुपये दिए गए हैं। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में 50 हैंडपंप स्थापित करने के लिए 42.98 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
पौड़ी जिले में जानकी पुल से चौरासी कुटिया तक सड़क को ‘बीटल्स स्ट्रीट’ के रूप में विकसित करने के लिए 85.74 लाख रुपये मंजूर हुए हैं। इसके साथ ही कई सड़कों के निर्माण और सुधार कार्यों के लिए भी धनराशि जारी की गई है।
चंपावत और नैनीताल जिलों में भी मंदिरों के सौंदर्यीकरण और धर्मशाला निर्माण के लिए वित्तीय स्वीकृति दी गई है। वहीं देहरादून के श्री गुरुनानक पब्लिक महिला इंटर कॉलेज में मरम्मत और पेंटिंग कार्यों के लिए 39.99 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक, पर्यटन और बुनियादी ढांचे के विकास को प्राथमिकता दे रही है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।