प्रशासन सख्त, ड्यूटी में चूक करने वाले बीएलओ पर एफआईआर तय

पानीपत (Narendra Singh Danu) : मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में शनिवार को जिला सचिवालय सभागार में अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें नगर निगम के पार्षदों, अधिकारियों और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक में पुनरीक्षण अभियान को प्रभावी, पारदर्शी और जनसहभागिता आधारित बनाने के लिए विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई। अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध और त्रुटिरहित मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) की भूमिका को अहम बताते हुए कहा कि वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया की जमीनी कड़ी हैं। बीएलओ की जिम्मेदारी केवल प्रपत्र वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंचकर सही जानकारी एकत्रित करना और सूची को त्रुटिरहित बनाना भी उनकी जिम्मेदारी है।

एडीसी ने सभी बीएलओ को निर्देश दिए कि वे घर-घर जाकर निर्धारित प्रपत्रों का वितरण करें और पूरी निष्ठा एवं पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्य में लापरवाही या कोताही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी, जिसमें निलंबन और आवश्यक होने पर एफआईआर दर्ज करना भी शामिल है।

बैठक में नगराधीश टीनू पोसवाल, डीडीपीओ राजेश शर्मा, डीएसपी सतीश वत्स, डीआरओ कलब लाकड़ा, निर्वाचन तहसीलदार सुरेंद्र, कानूनगो महेंद्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।