चंडीगढ़ (Narendra Singh Danu) : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के तहत पंजाब सरकार ने पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) में 2,437 अप्रेंटिस प्रशिक्षुओं को सहायक लाइनमैन (एएलएम) के पद पर भर्ती करने का बड़ा निर्णय लिया है। यह घोषणा राज्य के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने पंजाब भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान की।
वित्त मंत्री ने बताया कि यह फैसला लंबे समय से नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे अप्रेंटिस प्रशिक्षुओं के लिए राहत लेकर आया है और राज्य सरकार की रोजगार सृजन तथा युवा कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने जानकारी दी कि पीएसपीसीएल के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने पंजाब के एडवोकेट जनरल की सलाह के आधार पर इस भर्ती को मंजूरी दी है। ये सभी प्रशिक्षु वर्तमान में पीएसपीसीएल और पंजाब स्टेट ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड (पीएसटीसीएल) में लाइनमैन ट्रेड में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
भर्ती प्रक्रिया को लेकर उन्होंने बताया कि उम्मीदवारों के लिए एक बार की विशेष छूट के तहत पंजाबी भाषा की अनिवार्य परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा की समय-सारिणी पीएसपीसीएल की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी।
हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान का मानना है कि युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना न केवल उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देता है, बल्कि समाज में व्याप्त बुराइयों को कम करने में भी मदद करता है।
उन्होंने बताया कि अप्रैल 2022 से अब तक पीएसपीसीएल और पीएसटीसीएल में कुल 9,627 भर्तियां की जा चुकी हैं, जिनमें 8,048 सीधी भर्ती और 1,579 तरस (अनुकंपा) आधार पर की गई हैं। इसके अलावा, लगभग 3,000 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है, जिसे नवंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है।
इस अवसर पर बिजली विभाग के प्रशासनिक सचिव एवं पीएसपीसीएल के चेयरमैन-कम-मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. बसंत गर्ग भी उपस्थित रहे।