कुरुक्षेत्र (अश्विनी वालिया) : थानेसर शहर की पांडव गली में नगर परिषद की स्वच्छता व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई दिखाई दे रही है। गली में जगह-जगह मिट्टी, मलबे और गंदगी के ढेर कई-कई दिनों से पड़े हैं, जिन्हें उठाने के लिए सफाई कर्मी समय पर नहीं पहुंचते। इससे क्षेत्रवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गंदगी के कारण राहगीरों को आने-जाने में कठिनाई होती है। बरसात के दिनों में पानी भरने और कीचड़ बनने से स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। आसपास रहने वाले लोगों को दुर्गंध, मच्छरों और संक्रामक बीमारियों का भी खतरा बना रहता है।
सामाजिक कार्यकर्ता संजय शर्मा ने बताया कि कई बार संबंधित अधिकारियों और सफाई कर्मचारियों को इस समस्या से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने नगर परिषद प्रशासन से मांग की कि पांडव गली से तत्काल गंदगी और मलबा हटाकर नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
क्षेत्रवासियों ने भी प्रशासन से मांग की है कि पांडव गली की सफाई व्यवस्था में तत्काल सुधार किया जाए, ताकि लोगों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके तथा 'स्वच्छ भारत मिशन' के उद्देश्य को धरातल पर साकार किया जा सके। इस अवसर पर संजय कुमार शर्मा,रमन वर्मा, मुकेश, दिनेश, सोहन लाल शर्मा इत्यादि उपस्थित रहे।