पर्यावरण जागरूकता बढ़ाने के लिए बीआरएस नगर में पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित

लुधियाना: नेशनल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के क्षेत्रीय कार्यालय, लुधियाना द्वारा मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक शिव शंकर के मार्गदर्शन एवं क्षेत्रीय प्रबंधक राजविंद्र कौर के सान्निध्य में नोबल फाउंडेशन, बीआरएस नगर में विद्यार्थियों के लिए "पर्यावरण प्रदूषण" विषय पर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

प्रतियोगिता में नोबल फाउंडेशन के मुंडिया, बसंत एवेन्यू और बीआरएस नगर स्थित स्कूलों के कुल 25 विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उनकी रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना था।

प्रतियोगिता का संचालन नेशनल इंश्योरेंस कंपनी के प्रशासनिक अधिकारी (राजभाषा) शौर्य चौधरी ने व्यावसायिक कार्यालय-1, लुधियाना के व्यवसाय प्रबंधक सरबजीत सिंह के सहयोग से किया।

प्रतियोगिता के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को क्षेत्रीय प्रबंधक राजविंद्र कौर द्वारा सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में कुमारी नीतू ने प्रथम, कुमारी दीक्षा ने द्वितीय तथा कुमारी लक्ष्मी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं कुमारी खुशी और कुमारी जानकी को प्रोत्साहन पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता की सराहना करते हुए उन्हें पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक नागरिक बनने का संदेश दिया।क्षेत्रीय प्रबंधक राजविंद्र कौर ने कहा, “पर्यावरण संरक्षण की भावना बचपन से विकसित करना समय की आवश्यकता है और ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं।”

प्रशासनिक अधिकारी (राजभाषा) शौर्य चौधरी ने कहा, “पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों ने पर्यावरण के प्रति अपनी संवेदनशील सोच को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है।”व्यवसाय प्रबंधक सरबजीत सिंह ने कहा, “विद्यार्थियों की रचनात्मकता और उत्साह यह दर्शाता है कि नई पीढ़ी पर्यावरण संरक्षण के प्रति गंभीर और जागरूक है।”कार्यक्रम के अंत में नोबल फाउंडेशन के चेयरमैन राजिंदर शर्मा ने नेशनल इंश्योरेंस कंपनी के अधिकारियों का धन्यवाद किया तथा स्मृति चिन्ह देकर उनका सम्मान किया।इस मौके इंदरप्रीत कौर सरपंच कॉलोनी,साधना बसंत एवेन्यू,नीतू खुराना बी.आर.एस. नगर,रजनी वर्मा बी.आर.एस. नगर,रजनी शर्मा मुंडियां,रोशनी कुमारी मुंडियां शामिल थी।