अमृतसर (Narendra Singh Danu) : सीमा सुरक्षा बल Border Security Force ने अजनाला क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में हथियारों का जखीरा बरामद किया है। बीएसएफ की 117 बटालियन ने खुफिया सूचना के आधार पर हरड़ खुर्द गांव के पास एक भारतीय नागरिक को हिरासत में लिया।
बरामद हथियारों में एक AK-47 राइफल, 25 पिस्तौल, 47 मैगजीन, एक बुलेटप्रूफ जैकेट और 368 कारतूस शामिल हैं। इसे वर्ष 2026 की अब तक की सबसे बड़ी हथियार बरामदगी माना जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई अजनाला थाना क्षेत्र में विशेष इनपुट के बाद की गई। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि यह खेप सीमा पार से जुड़े नेटवर्क और स्थानीय गैंगस्टरों के इस्तेमाल के लिए लाई गई हो सकती है।
इस साल अमृतसर और आसपास के बॉर्डर इलाकों में कई बड़े मॉड्यूल का खुलासा हो चुका है। जनवरी से जून के बीच पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने कई ऑपरेशनों में AK-47, ग्लॉक पिस्तौलें, हैंड ग्रेनेड, कारतूस और बड़ी मात्रा में हेरोइन बरामद की है। जांच में कई मामलों में पाकिस्तान और Inter-Services Intelligence से जुड़े नेटवर्क की भूमिका सामने आई है।
अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार व्यक्ति से पूछताछ जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इन हथियारों का इस्तेमाल कहां और किस मकसद से होना था।
पंजाब पुलिस और बीएसएफ ने सीमावर्ती इलाकों में निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि ड्रोन और जीपीएस तकनीक के जरिए हो रही हथियार और नशे की तस्करी को रोकने के लिए नई तकनीक पर तेजी से काम किया जा रहा है।