अमृतसर: पंजाब पुलिस को अवैध हथियार तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार से संचालित एक अवैध हथियार तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 11 अत्याधुनिक पिस्तौल और 8 कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि यह पूरी कार्रवाई खुफिया सूचनाओं के आधार पर बेहद सुनियोजित तरीके से की गई। उन्होंने कहा कि बरामद किए गए हथियार कुख्यात गैंगस्टर गोपी बराड़ के नेटवर्क से जुड़ी एक बड़ी खेप का हिस्सा थे, जिन्हें अंतरराष्ट्रीय सीमा के रास्ते पंजाब पहुंचाया गया था। समय रहते कार्रवाई होने से कई संभावित आपराधिक घटनाओं को टालने में सफलता मिली है।
पकड़े गए आरोपीयों की पहचान गुलाबजीत सिंह उर्फ प्रिंस (21), हरप्रीत सिंह उर्फ प्रीत (23), गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी (24), कुलजीत सिंह (39), शमशेर सिंह उर्फ शेरा (40), अमन राणा उर्फ चीनी (20), शरणजीत सिंह उर्फ सनी (29) और अजय सिंह (23) के रुप में हुई है। बरामद हथियारों में चार चीन निर्मित पिस्तौल, चार .30 बोर के पीएक्स-5 मॉडल ऑटोमेटिक पिस्तौल, दो ऑस्ट्रिया निर्मित 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल और 1 अन्य आधुनिक हथियार शामिल हैं। पुलिस के अनुसार ये अत्याधुनिक हथियार गंभीर आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल किए जा सकते थे।