होशियारपुर (दलजीत अज्नोहा) : शिरोमणि अकाली दल हलका होशियारपुर के प्रभारी संजीव तलवाड़ के नेतृत्व में आज अकाली दल के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल द्वारा थाना सिटी होशियारपुर में एक लिखित शिकायत देकर सरदार भगवंत सिंह मान के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में तुरंत मामला (एफ़आईआर) दर्ज करने की मांग की गई है।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए संजीव तलवाड़ ने बताया कि बीते दिनों एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें सिख गुरु साहिबान की तस्वीरों पर शराब के छींटे मारे जा रहे थे और वीडियो वाले व्यक्ति को भगवंत मान बताया जा रहा था। उस समय भगवंत मान ने श्री अकाल तख्त साहिब में सफाई देते हुए दावा किया था कि यह वीडियो 'आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस' (AI) के जरिए बनाया गया एक फेक वीडियो है।
संजीव तलवाड़ ने आगे खुलासा किया कि अब जब सिंह साहिब जत्थेदार श्री अकाल तख्त साहिब द्वारा इस मामले की बारीकी से जांच करवाई गई, तो यह साबित हो चुका है कि यह वीडियो बिल्कुल असली है। इस गंभीर गुनाह पर कार्रवाई करते हुए जत्थेदार साहिब ने भगवंत मान को पंथ का दोषी करार दिया है।
उन्होंने कहा कि इस शर्मनाक हरकत से समूची सिख कौम और नानक नाम लेवा संगत की धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है। अकाली दल ने मांग की है कि भगवंत मान पर 'जगत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) एक्ट 2020' के तहत तुरंत मुकदमा दर्ज करके कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए।
इस अवसर पर संजीव तलवाड़ के साथ सरदार प्रेम सिंह (पूर्व डिप्टी मेयर), बिक्रमजीत सिंह, भूपिंदर सिंह मेहंदीपुर (पंजाब महासचिव, पिछड़ा वर्ग), संतोख सिंह औजला (जिला अध्यक्ष, व्यापार सेल), संजीव कुमार (हलका प्रभारी, पिछड़ा वर्ग होशियारपुर), रनधीर भारज (हलका प्रभारी यूथ, होशियारपुर), संजीव थापर (सिटी अध्यक्ष, अनुसूचित जाति मोर्चा), इंदरदीप, सुखदेव सिंह सतौर और बड़ी संख्या में अन्य अकाली कार्यकर्ता भी मौजूद थे।