बठिंडा में श्रद्धा का संगम, तीसरी बार सजेगा शिव महापुराण कथा का दिव्य दरबार

बठिंडा (सोनू टुटेजा) : पंजाब के दिल मालवा क्षेत्र के ऐतिहासिक शहर बठिंडा में एक बार फिर भगवान शिव की भक्ति की गंगा बहने जा रही है। पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के प्रधान श्री अमरजीत मेहता, बठिंडा के महापौर श्री पदमजीत सिंह मेहता तथा मेहता परिवार की ओर से शहर की समस्त धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से लगातार तीसरी बार भव्य श्री शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त कथावाचक भागवत भूषण पंडित प्रदीप मिश्रा (सीहोर वाले) अपने मुखारविंद से श्री शिव महापुराण कथा का रसपान करवाकर शिव भक्तों को निहाल करेंगे।

18 जून को होगा शुभारंभ, 24 जून को पूर्णाहुति

आज आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए बठिंडा के महापौर श्री पदमजीत सिंह मेहता ने बताया कि बठिंडा की धरती अत्यंत सौभाग्यशाली है, जहां भगवान शिव का दिव्य दरबार तीसरी बार सजने जा रहा है। उन्होंने बताया कि पटेल नगर में स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर के सामने आयोजित होने वाली श्री शिव महापुराण कथा का शुभारंभ 18 जून को होगा तथा कथा का समापन 24 जून को किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कथा का आयोजन प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा।

लाखों श्रद्धालुओं के लिए विशेष प्रबंध

महापौर श्री मेहता ने बताया कि पंजाब सहित देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के कथा में पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। श्रद्धालुओं के ठहरने एवं भोजन की समुचित व्यवस्था की गई है। इसके अलावा मोबाइल टॉयलेट्स, मेडिकल डिस्पेंसरी तथा आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की भी विशेष व्यवस्था की गई है। विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं द्वारा विशाल स्तर पर लंगर तथा शीतल पेयजल सेवा उपलब्ध करवाई जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

बड़ा टेंट, कूलर और पंखों की विशेष व्यवस्था

उन्होंने बताया कि इस बार श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए पहले की अपेक्षा अधिक विशाल टेंट लगाया गया है तथा उसके दायरे का भी विस्तार किया गया है। भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए कथा स्थल पर कूलर, पंखे तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का विशेष प्रबंध किया गया है, ताकि श्रद्धालु आरामपूर्वक कथा श्रवण कर सकें।

अधिकांश श्रद्धालुओं के लिए बिना पास प्रवेश

श्री मेहता ने बताया कि इस वर्ष अधिकतर श्रद्धालुओं के लिए बिना पास प्रवेश की व्यवस्था रखी गई है। हालांकि सुरक्षा कारणों से सीमित संख्या में पास जारी किए गए हैं। इच्छुक श्रद्धालु उक्त पास होटल गोल्ड स्टार, बीबीवाला रोड, बठिंडा से प्राप्त कर सकते हैं।

हर गेट पर तैनात रहेगी महापौर श्री मेहता की टीम

महापौर ने बताया कि उनकी विशेष टीमें कथा स्थल के प्रत्येक प्रवेश द्वार पर तैनात रहेंगी। ये टीमें श्रद्धालुओं को आवश्यक जानकारी देने के साथ-साथ हर प्रकार की सहायता उपलब्ध करवाएंगी।

सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम

उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा तथा यातायात प्रबंधन के व्यापक और पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि कथा स्थल पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।