-उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने फुटबाल लीग के दो मैचों को देखकर खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला -खेलों के साथ पढ़ाई भी जरूरी, प्रशासन हर संभव मदद के लिए तैयार

कुरुक्षेत्र (अश्विनी वालिया) : उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि बीड कालवा गांव की महिलाओं की जिद से युवतियां और फुटबॉल खेल को दिशा मिली है, जहां पर माताएं किसी भी लक्ष्य को तय कर लें, वहां पर सिर्फ कामयाबी ही होती है। ऐसा ही निर्णय बीड कालवा गांव की महिलाओं ने अपने बच्चों को फुटबॉल खेलने के लिए लिया है। पहले इन्होंने अपने बच्चों को खेलने के लिए मदद की, फिर खेल के मैदान का पाने के लक्ष्य को हासिल किया, इसके बाद गांव में फुटबॉल खेल अकादमी खुलवाई और अब लीग करवाई जा रही है।

उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा गांव बीड़ कालवा में बोल रहे हैं। बीड कालवा गांव के राजीव गांधी खेल स्टेडियम में फुटबॉल की टीमों के बीच लीग चली हुई है। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने खिलाड़ियों से परिचय लिया और खेल के बारे में जानकारी हासिल की। गांव बीड़ कालवा, कालवा सहित साथ लगते तीनों गांव में करीब 100 युवा युवतियां फुटबॉल खेल रही हैं। इस लीग को आईएसजीईसी हेवी इंजीनियरिंग लिमिटेड ने स्पॉन्सर किया गया। कंपनी की तरफ से खिलाड़ियों को खेल किट वितरित की गई। इसके साथ ही लीग को सफल बनाने में सहयोग करने वालों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि युवाओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी रुचि लेनी चाहिए। इससे युवाओं को मानसिक, शारीरिक लाभ होगा। इसके साथ ही नशे जैसे बुरी लत से छुटकारा मिलेाग। हर वर्ग के नागरिक को मैदान में जाने के लिए दिनभर में से कुछ समय जरूर निकालना चाहिए। उन्होंने कहा कि अंबाला में अंतरराष्ट्रीय स्तर का फुटबॉल स्टेडियम तैयार किया जा रहा है। उत्तरी भारत में पिछले कुछ समय में फुटबॉल को लेकर क्रेज बढ़ा है।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि हर इंसान को अपनी सोच पॉजिटिव रखनी चाहिए। इसी सोच को लेकर यहां के फुटबॉल खिलाड़ियों को आगे बढ़ाना चाहिए। लगातार मैदान में रहकर ज्यादा से ज्यादा अभ्यास करें। ऐसा करने से सीढ़ी सीढ़ी आगे बढ़ाने का रास्ता मिलेगा। जल्द ही जिला की सभी नर्सरियों के खिलाड़ियों के बीच प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में फीफा वर्ल्ड कप चला हुआ है। इसके साथ-साथ फुटबॉल की लीग होना, खिलाड़ियों का हौसला बढ़ा रहा है।

इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त विवेक आर्य, पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन, उपमंडल अधिकारी अनुभव मेहता, डीएसपी निर्मल सिंह, जिला खेल अधिकारी मनोज, आईएसजीईसी यमुनानगर के एसोसिएट प्रेजिडेंट इंद्रनील देबनाथ, जीएम आरके भारद्वाज, डीडीपीओ विकास, बीडीपीओ विनोद कुमार सहित कोच, खिलाड़ी व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।