रेडक्रॉस का पहल, थानेसर में बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए विशेष शिविर आयोजित

थानेसर (प्रमोद कौशिक/संजीव कुमारी) : उपायुक्त एवं अध्यक्ष जिला रेड क्रॉस सोसाइटी विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि जिला रेडक्रॉस शाखा द्वारा जिला प्रशासन कुरुक्षेत्र एवं एलिम्को के संयुक्त तत्वावधान में वृद्धजन एवं दिव्यांगजन जांच एवं माप शिविरों का 22 जून से 26 जून तक आयोजन किया जाएगा।

उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के शेड्यूल के अनुसार जानकारी देते हुए कहा कि इन शिविरों का आयोजन 22 जून को शाकुंभरी देवी मंदिर शाहबाद, 23 जून, अनाज मंडी धर्मशाला।
लाडवा, 24 जून नगरपालिका कार्यालय पिहोवा, 25 जून को खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय इस्माइलाबाद तथा 26 जून को रेड क्रॉस भवन कार्यालय सेक्टर 13 कुरुक्षेत्र में दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए निशुल्क जांच एवं माप शिविर आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि इन जांच शिविरों में वृद्धजन एवं दिव्यांगजन का आकलन किया जाएगा कि किस व्यक्ति को व्हीलचेयर , ट्राईसाइकिल, बैसाखी, कृत्रिम हाथ या पैर, कानों से सुनने की मशीन आदि चाहिए। इनके पंजीकरण के लगभग 4 महीने बाद इनको ये सामान उपलब्ध करवाया जाएगा।

रेडक्रॉस सचिव रमेश चौधरी ने बताया कि जिस भी वृद्ध जन या दिव्यांजन को इस प्रकार के कृत्रिम अंग या व्हील चेयर आदि की जरूरत है वो अपने नजदीक लगने वाले शिविर में पहुंच कर पंजीकरण करवा ले। इन जांच शिविर में वरिष्ठ नागरिक जो की 60 वर्ष या उससे अधिक है अपने साथ आधार कार्ड की छाया प्रति, जिसकी मासिक आय 15 हजार रुपए प्रतिमाह से कम हो का प्रमाण पत्र जो किसी सरपंच या पार्षद से लिखवाकर भी दे सकते है। या परिवार पहचान पत्र और दो पासपोर्ट साइज फोटो अपने साथ लेकर आनी है । इसी कड़ी में दिव्यांगजन जो अपनी यूनिक आईडी, आधार कार्ड, मासिक आय 22500 रुपए से कम हो , का प्रमाण पत्र किसी भी सरपंच या पार्षद से लिखवाकर दे सकते है या परिवार पहचान पत्र और 2 पासपोर्ट साइज फोटो जिसमें दिव्यांगता दर्शाई गई हो, अपने साथ लेकर लाएं।

उन्होंने सभी नागरिकों से अपील कि है कि अगर आपके आसपास इस प्रकार का कोई व्यक्ति हो तो उन लोगों को यह जानकारी जरूर दे ताकि वो अपना पंजीकरण करवा सके।