नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को फ्रांस के एवियन में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न देशों के नेताओं से मुलाकात कर वैश्विक सहयोग, सतत विकास और मानव कल्याण को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी की अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से भी मुलाकात हुई। दोनों नेताओं के बीच संक्षिप्त बातचीत हुई, जिसका विवरण आधिकारिक रूप से साझा नहीं किया गया है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जी-7 नेताओं और विशेष आमंत्रित देशों के प्रतिनिधियों की ‘फैमिली फोटो’ साझा करते हुए कहा कि यह बैठक वैश्विक चुनौतियों से निपटने और समावेशी विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण अवसर है।
प्रवक्ता ने बताया कि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी का औपचारिक स्वागत किया। उन्होंने कहा कि हाल ही में नीस में हुई द्विपक्षीय वार्ता के बाद दोनों नेताओं ने बहुपक्षीय मंच पर भी अपनी बातचीत को आगे बढ़ाया।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर कहा कि जी-7 सम्मेलन में वैश्विक नेताओं के साथ विचार-विमर्श उपयोगी रहा और भारत एक अधिक सतत, समृद्ध और सुरक्षित विश्व के लिए सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उल्लेखनीय है कि जी-7 समूह में कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान, ब्रिटेन और अमेरिका शामिल हैं। भारत इसका सदस्य नहीं है, लेकिन उसे विशेष आमंत्रित देश के रूप में सम्मेलन में भाग लेने का अवसर मिला है। सम्मेलन में वैश्विक अर्थव्यवस्था, ऊर्जा सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और अंतरराष्ट्रीय सहयोग जैसे विषयों पर चर्चा की जा रही है।