चंडीगढ़: हरियाणा के बहुचर्चित 88.970 किलोग्राम अफीम बरामदगी मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी की ही तस्करी नेटवर्क में संलिप्तता सामने आने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
फतेहाबाद पुलिस ने आरोपी एएसआई रणबीर सिंह को गिरफ्तार कर सिरसा पुलिस के हवाले कर दिया है। साथ ही सप्लाई लेने वाले आरोपी शमशेर को भी हिरासत में लिया गया है। मामले के उजागर होते ही सिरसा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एएसआई रणबीर सिंह को सेवा से बर्खास्त कर दिया और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
एएसपी आदर्शदीप सिंह के अनुसार, रणबीर सिंह हाल ही में हांसी से ट्रांसफर होकर डिंग मंडी थाना में तैनात हुआ था। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी शमशेर ने उसके तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने का खुलासा किया, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया।
गौरतलब है कि राजस्थान पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर सिरसा पुलिस ने भावदीन टोल प्लाजा के पास नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक से 88.970 किलोग्राम अफीम बरामद की थी। इस मामले में ट्रक चालक सुखराम (पाली, राजस्थान) को मौके से गिरफ्तार किया गया था, जबकि ट्रक मालिक गगनदीप सिंह को बाद में जम्मू-कश्मीर से पकड़ा गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच अब Narcotics Control Bureau (NCB) चंडीगढ़ को सौंप दी गई है। पुलिस ने बरामद अफीम का दोबारा वजन कराने का भी निर्णय लिया है, ताकि सभी तथ्यों की पुष्टि हो सके।
यह मामला पुलिस सिस्टम के भीतर संभावित मिलीभगत की ओर इशारा करता है, जिसे लेकर जांच एजेंसियां अब पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुट गई हैं।