कुरुक्षेत्र (परमिंदर सिंह) : हरियाणा के पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि देश की प्रगति के लिए प्रत्येक नागरिक को योग को अपने जीवन में धारण करना होगा, जो व्यक्ति स्वस्थ होगा, वहीं राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दे सकेगा। इस देश की युवा पीढ़ी को स्वस्थ और सशक्त बनाने के लिए सरकार की तरफ से योग युक्त नशा मुक्त हरियाणा जैसे विषय पर आधारित कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
हरियाणा के पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने सोमवार को ब्रह्मसरोवर पुरुषोत्तमपुरा बाग में जिला प्रशासन व आयुष विभाग के तत्वाधान में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर आयोजित वॉकथान में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। इससे पहले पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, एसडीएम अमन कुमार, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डा. मंजू शर्मा, जिला खेल अधिकारी मनोज कुमार, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी इंदू कौशिक ने वॉकथान को हरी झंडी देकर रवाना किया। इस वॉकथान में पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा सहित सभी मेहमानों ने भाग लिया और वीवीआईपी घाट पर आयोजित योग शिविर में भाग लिया। इस शिविर में पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा व एसडीएम अमन कुमार ने नागरिकों के साथ योग भी किया।
पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्ति करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों से ही प्रत्येक नागरिक को स्वस्थ बनाने के उद्देश्य से गांव-गांव में योग शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इस देश में हर वर्ष 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाया जा रहा है और लाखों की संख्या में लोग इस कार्यक्रम में शिरकत करते हैं। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष कुरुक्षेत्र में राज्य स्तरीय अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में एक लाख से ज्यादा नागरिकों ने भाग लेकर एक नया रिकॉर्ड बनाने का काम किया। इस बार भी लोगों में योग दिवस को लेकर जोश व उत्साह देखने को मिल रहा है।
एसडीएम अमन कुमार ने मेहमानों का स्वागत करते हुए कहा कि उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा के मार्गदर्शन में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के जिला स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियां चल रही हैं। इसी कड़ी में वॉकथॉन का आयोजन किया गया और 16 जून से 18 जून तक द्रोणाचार्य स्टेडियम में प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ कर्मचारी व अधिकारी भाग लेंगे। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डा. मंजू शर्मा ने मेहमानों का आभार व्यक्त करते हुए अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तमाम गतिविधियों पर प्रकाश डाला। इस कार्यक्रम के मंच का संचालन जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी डा. नरेंद्र सिंह ने किया।