नाविकों की मौत पर कांग्रेस का सवाल, सरकार पर लापरवाही का आरोप

नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : Indian National Congress ने ओमान की खाड़ी में अमेरिकी हमले के दौरान तीन भारतीय नाविकों की मौत पर गहरा दुख जताते हुए केंद्र सरकार की विदेश नीति पर सवाल उठाए हैं। पार्टी ने कहा कि भारतीय नागरिकों की मौत पर सरकार की प्रतिक्रिया कमजोर और निराशाजनक रही है।

कांग्रेस की सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की अध्यक्ष Supriya Shrinate ने प्रेस वार्ता में बताया कि 11 जून को एमटी सेटेबेलो जहाज पर हुए हमले में हिमाचल प्रदेश के आदित्य शर्मा, उत्तर प्रदेश के शिवानंद चौरसिया और आंध्र प्रदेश के पटनाला सुरेश की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि इस संघर्ष से भारत का कोई सीधा संबंध नहीं होने के बावजूद भारतीय नागरिक इसकी चपेट में आए।

श्रीनेत ने सवाल उठाया कि क्या प्रधानमंत्री Narendra Modi अपनी आगामी बैठक में अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump के समक्ष इस मुद्दे को मजबूती से उठाएंगे और इस घटना पर जवाब मांगेंगे।

कांग्रेस ने विदेश मंत्रालय की प्रतिक्रिया को अपर्याप्त बताते हुए कहा कि केवल औपचारिक आपत्ति दर्ज कराना पर्याप्त नहीं है। पार्टी ने आरोप लगाया कि अमेरिकी विदेश मंत्री Marco Rubio की ओर से घटना पर खेद व्यक्त नहीं किया गया, जिसे लेकर भारत सरकार की ओर से भी कोई कड़ा प्रतिवाद सामने नहीं आया।

पार्टी ने कहा कि भारत को अपनी संप्रभुता और नागरिकों की सुरक्षा के मुद्दे पर स्पष्ट और सख्त रुख अपनाना चाहिए। साथ ही, प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता और अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि के दौरे पर भी सवाल उठाए गए।

कांग्रेस ने केंद्र सरकार से मांग की है कि वह इस मामले को वैश्विक मंच पर मजबूती से उठाए और पीड़ित भारतीय नागरिकों के लिए न्याय सुनिश्चित करे।