अग्निकांड और भवन हादसे के पीड़ितों के लिए राहत राशि घोषित

नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : मालवीय नगर अग्निकांड और साकेत भवन हादसे के पीड़ितों के लिए दिल्ली सरकार ने आर्थिक सहायता का बड़ा ऐलान किया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दोनों घटनाओं में जान गंवाने वालों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये और घायलों को 2-2 लाख रुपये देने की घोषणा की।

दिल्ली सचिवालय में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने दोनों हादसों में दिवंगत लोगों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

‘मानवता के नायकों’ को सम्मान

इस दौरान जान जोखिम में डालकर लोगों की जान बचाने वाले नागरिकों, पुलिसकर्मियों और बचाव दल के सदस्यों को 21 हजार रुपये और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। हौजरानी अग्निकांड में गद्दे बिछाकर लोगों की जान बचाने वाले रियाजुद्दीन मंसूरी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

राहत कार्यों की सराहना

मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट की घड़ी में त्वरित कार्रवाई और सामूहिक प्रयासों ने बड़े नुकसान को टालने में अहम भूमिका निभाई। सीमित संसाधनों के बावजूद नागरिकों और सुरक्षा बलों ने अदम्य साहस का परिचय दिया।

राहत राशि समय पर देने के निर्देश

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुआवजा राशि का वितरण पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रभावित परिवारों को तुरंत सहायता मिल सके।

भविष्य में सुरक्षा पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा मानकों, आपदा प्रबंधन तंत्र और जागरूकता को और मजबूत करेगी।

कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे, वहीं दिवंगतों की स्मृति में दो मिनट का मौन भी रखा गया।