नगर निगम-सीआरआरआई समझौते से दिल्ली में सड़क मरम्मत कार्य तेज

नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : दिल्ली की सड़कों को गड्ढामुक्त और अधिक टिकाऊ बनाने के लिए दिल्ली नगर निगम (MCD) और केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान (CRRI) के बीच शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण समझौता हुआ। इस साझेदारी के तहत सड़क निर्माण की गुणवत्ता जांच, मरम्मत कार्य की निगरानी और इंजीनियरों के लिए आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण शामिल होगा।

इस अवसर पर “इकोफिक्स” नामक नई तकनीक को अपनाने का भी निर्णय लिया गया है, जिसका उद्देश्य सड़कों के गड्ढों को तेजी से और अधिक मजबूती के साथ भरना है।

टिकाऊ सड़क निर्माण की दिशा में कदम

निगम आयुक्त संजीव खीरवार ने कहा कि नई तकनीकों के उपयोग से सड़क मरम्मत कार्य अधिक तेज और टिकाऊ होगा, जिससे नागरिकों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी।

सीएसआईआर-CRRI के निदेशक डॉ. चौधरी रवि शेखर ने बताया कि इकोफिक्स तकनीक में स्टील उद्योग से निकलने वाले स्लैग (औद्योगिक अपशिष्ट) का उपयोग किया जाता है। इससे न केवल सड़क मरम्मत मजबूत होती है, बल्कि प्राकृतिक संसाधनों की बचत और पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलती है।

कम लागत, ज्यादा मजबूती और कम प्रदूषण

विशेषज्ञों के अनुसार, इस तकनीक से गड्ढों की मरम्मत तेज होगी और सड़कें लंबे समय तक टिकाऊ रहेंगी। साथ ही धूल और प्रदूषण में कमी आएगी तथा रखरखाव पर आने वाला खर्च भी घटेगा।

शहर के बुनियादी ढांचे में सुधार की दिशा में अहम पहल

यह सहयोग दिल्ली में मजबूत, सुरक्षित और आधुनिक सड़क नेटवर्क विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलने की उम्मीद है।